कैसा रहेगा बिहार का मौसम दरभंगा, भागलपुर समेत कुछ जिलों में आज गर्मी ज्यादा पड़ेगी तो पूर्णिया, कटिहार में बारिश के साथ ठनका गिरने की संभावना है।
दरभंगा-भागलपुर में सताएगी गर्मी, पूर्णिया-कटिहार में बारिश-ठनका के आसार; कैसा रहेगा बिहार का मौसम
बिहार में मानसून की बेरुखी देखी जा रही है। राज्य के अधिकांश जिलों में गर्मी कहर बरपा रही है। इस बीच आज 12 जुलाई शनिवार को राज्य के पूर्णिया और कटिहार में बारिश के साथ ठनका गिरने की संभावना जताई गई है। उधर दरभंगा, सीतामढ़ी, भागलपुर समेत कई जिलों में हाई टेंपरेचर का अनुमान है जो परेशानी का सबब बनेगा।
कुछ जिलों में छिटपुट तो कुछ जिलों में हल्की से सामान्य बारिश(कुछ स्थानों पर) हो सकती है। मौसम विभाग पटना की रिपोर्ट के अनुसार आज शनिवार को दिन के समय दरभंगा, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल अररिया, भागलपुर, शिवहर, समस्तीपुर, मधेपुरा और गोपालगंज में तापमान राज्य भर में सबसे ज्यादा रहेगा। इन जिलों का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेंटिग्रेट तक रहेगा। हवा की गति राज्य के सभी जिलों में सामान्य रहेगी। कहीं भी आंधी की संभावना नहीं है। जिन जिलों में छिटपुट बारिश या बादलों की आवाजाही की संभावना है उनमें बांका, शिवहर,सीतामढ़ी, गोपालगंज, मुंगेर और बेगूसराय शामिल हैं।
जिन जिलों में हल्की या कुछ ज्यादा बारिश की संभावना है उनमें सहरसा, लखीसराय, मुजफ्फरपुर, चंपारण, गया, औरंगाबाद, पटना, सारण, शेखपुरा, भोजपुर, जमुई, दरभंगा, नवादा, वैशाली, खगड़िया, नालंदा, जहानाबाद, सीवान, कटिहार, मधुबनी के कुछ स्थान शामिल हैं। इन जिलों में विभिन्न स्थानों पर हल्की या कुछ अधिक बारिश हो सकती है। इसके आलावे पूर्णिया में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश हो सकती है। मौसम विभाग की रिपोर्ट में कहा गया है कि पूर्णिया और कटिहार में बारिश के साथ ठनका गिरने की संभावना है।