बिहार में मतदाता पुनरीक्षण के खिलाफ INDIA गठबंधन ने चक्का जाम किया। इसका असर भागलपुर में भी देखने को मिला है। केंद्रीय श्रमिक संगठनों के राष्ट्रव्यापी हड़ताल का असर बुधवारl को शहर में दिखा।

महागठबंधन के नेता सुबह से ही शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर प्रदर्शन करते नजर आए। शहर के मुख्य बाजारों में राजद और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने दुकानों को बंद कराया और सड़क पर टायर जलाकर विरोध जताया।

कार्यकर्ता हाथों में बैनर-पोस्टर लिए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते रहे। प्रदर्शनकारियों ने आने-जाने वाले वाहनों को रोक-कर आम जनता से बंद को सफल बनाने की अपील की।

कार्यकर्ता बीच सड़क पर बैठ गए।
महागठबंधन के आह्वान पर बिहार बंद का असर शिक्षा व्यवस्था पर भी पड़ा है। भागलपुर के मारवाड़ी कॉलेज में चल रही इग्नू की परीक्षा को बीच में ही रुकवा दिया गया। परीक्षा दे रहे छात्रों से एक घंटे पहले ही कॉपी ले ली गई और परीक्षा बंद करा दी गई। इससे छात्र-छात्राओं में नाराजगी देखी गई। महागठबंधन के कार्यकर्ताओं के विरोध के बाद दूसरी पाली की परीक्षा रद्द कर दी गई है। इसकी अधिसूचना जारी हुई है।

कांग्रेस के कार्यकर्ता का बीच सड़क पर लेटने का भी वीडियो सामने आया है। जबरन राहगीरों से बाइक की चाबी भी ली गई है।

उल्टा पुल को किया जाम

महागठबंधन के नेताओं ने स्टेशन के पास स्थित उल्टा पुल को जाम कर दिया, जिससे आवाजाही पूरी तरह से बाधित हो गया। पुल पर गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रदर्शन में शामिल राजद जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर यादव कहा कि चुनाव आयोग की ओर से चलाई जा रही मतदाता पुनरीक्षण अभियान जनविरोधी है। इससे राज्य की 75% जनता प्रभावित हो रही है। राजद नेताओं ने इसे ‘वोटबंदी’ बताते हुए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर धांधली का आरोप लगाया।

बंद के आह्वान पर ट्रेड यूनियनों के समर्थन में बैंक, बीमा, और अन्य कार्यालयों में भी कामकाज प्रभावित रहा। हड़ताल में शामिल संगठनों का दावा है कि देशभर में 25 करोड़ श्रमिकों ने इस बंद को समर्थन दिया है।

जगह-जगह पर पुलिस की तैनाती रही

शांतिपूर्ण ढंग से बंद को सफल बनाने के लिए जगह-जगह पुलिस तैनात रही, लेकिन फिलहाल भागलपुर में हालात नियंत्रण में हैं। सिटी डीएसपी अजय कुमार चौधरी ने बताया कि 25 जगह पर पुलिस मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। ट्रिपल आईटी के कैमरा से निगरानी रखी जा रही है, सभी इलाके में भ्रमणशील है। कहीं से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। हम लोग मुस्तैदी से लगे हुए हैं।