चुनाव आयोग के विशेष मतदाता पुनरीक्षण अभियान के खिलाफ इंडिया ब्लॉक ने बुलाए गए बिहार बंद के समर्थन में बुधवार को कैमूर के दुर्गावती प्रखंड के NH-19 (दिल्ली-कोलकाता हाईवे) को कार्यकर्ताओं ने जाम कर दिया। इससे कई घंटे तक यातायात बाधित रहा और दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

जाम की वजह से मोहनिया से वाराणसी की ओर जा रही एक एंबुलेंस को भी वैकल्पिक मार्ग से ले जाना पड़ा। वहीं, दूध व्यापारी भी बाल्टी में दूध लेकर प्रदर्शन में शामिल होते नजर आए।

सड़क पर उतर आए कार्यकर्ता

रामगढ़ विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी अजीत सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने एनएच पर बैठकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा, “मतदाता सूची में शुद्धिकरण का काम लोकतांत्रिक तरीके से होना चाहिए, लेकिन मौजूदा प्रक्रिया में षड्यंत्र की बू आती है। इसे हम बर्दाश्त नहीं करेंगे।”

यात्रियों को भारी परेशानी

प्रदर्शन के दौरान कई यात्री वाहन और मालवाहक ट्रक जाम में फंसे रहे। पंजाब जा रहे ट्रक चालक साजिद ने बताया, “गाड़ी में ब्लेड लोड है। मुझे पंजाब पहुंचना है, लेकिन दुर्गावती में क्यों जाम लगा है, इसकी जानकारी तक नहीं मिल रही है।”

प्रदर्शन का मुख्य कारण

इंडिया ब्लॉक नेताओं का आरोप है कि चुनाव आयोग का यह विशेष पुनरीक्षण अभियान खासकर गरीब, दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक समुदाय के मताधिकार को कमजोर करने की साजिश है। वहीं प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वे मतदाता सूची के शुद्धिकरण के खिलाफ नहीं, बल्कि इसके भेदभावपूर्ण क्रियान्वयन के विरोध में हैं।