सीवान के भगवानपुर थाना क्षेत्र के महम्मदा गांव में झोपड़ी में आग लगा गई। हादसे में रामबचन महतो(57) की मौत हो गई। मंगलवार की रात पत्नी देवंती देवी खाना खिलाकर घर लौट गई थीं। रामबचन बथान में सोने के लिए रुक गए थे।

सुबह ग्रामीणों ने झोपड़ी से धुआं निकलता देखा। जब तक लोग मौके पर पहुंचे, झोपड़ी पूरी तरह जल चुकी थी। अंदर रामबचन महतो की जली हुई लाश मिली।

घटना के बाद परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है।
ग्रामीणों ने बुझाया आग

ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया और पुलिस को सूचित किया। भगवानपुर हाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल को भी बुलाया गया। हालांकि दमकल के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने आग बुझा दी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेज दिया है।

महाराजगंज एसडीपीओ राकेश रंजन ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह एक दुर्घटना प्रतीत होती है। पुलिस मामले की हर दिशा में जांच कर रही है।

क्वायल से आग लगने की आशंका

स्थानीय लोगों का कहना है कि मृतक रोजाना बथान में सोते थे। आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। मच्छर भगाने वाले क्वायल से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन की ओर से अभी तक किसी राहत या मुआवजे की घोषणा नहीं की गई है।