किशनगंज गर्ल्स हाई स्कूल परिसर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) जिला इकाई द्वारा 77वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभाग संयोजक अमित मंडल ने झंडा फहरा कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के साथ माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।
अमित मंडल ने कहा कि, ‘अभाविप विश्व का सबसे बड़ा छात्र संगठन है, जिसका मुख्य उद्देश्य राष्ट्र पुनर्निर्माण है।’ उन्होंने जोर देकर कहा कि, ‘यह लक्ष्य छात्रों को संस्कारित और जागरूक बनाकर ही हासिल किया जा सकता है। अभाविप अपने स्थापना काल से ही छात्र, समाज और राष्ट्र हित में विभिन्न आयामों के माध्यम से वर्षभर गतिविधियां संचालित करता रहा है।’ उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि, ‘जीवन केवल जीने के लिए नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के लिए समर्पित होना चाहिए। इस दिशा में विचार और कर्म की आवश्यकता है।’
झंडा फहराने के दौरान उपस्थित ABVP के सदस्य और छात्र।
राष्ट्र सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का किया जिक्र
जिला संयोजक दीपक चौहान ने देश के समक्ष राष्ट्र सुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों का जिक्र करते हुए कहा कि, ‘इनका सामना करने के लिए युवाओं को एकजुट होकर आगे आना होगा।’ उन्होंने ABVP की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि, ‘संगठन छात्रों को राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ जोड़कर देश की मजबूती के लिए कार्य करता है।’
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं ने ABVP के उद्देश्यों और कार्यों को समझा और संगठन से जुड़ने की इच्छा जताई। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक और मोटिवेशनल गतिविधियों का आयोजन भी किया गया, जिसने युवाओं में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक जिम्मेदारी का भाव जगाया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
