कटिहार जिले के अलग-अलग प्रखंडों में महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इसमें 7928 से अधिक महिलाओं ने भाग लिया। सरकार इस कार्यक्रम के जरिए ग्रामीण इलाकों की समस्याएं और महिलाओं की आकांक्षाएं जान रही है। कार्यक्रम में महिलाओं ने समाज की उन्नति से जुड़ी नीतिगत मांगें रखीं।
अमदाबाद प्रखंड के नारीशक्ति जीविका ग्राम संगठन की महिलाओं ने भवानीपुर पंचायत के खट्टी गांव, बड़ा निताई टोला, वार्ड नंबर 13 से मांग की कि विनोद टोला में बांध के पास बने ब्रिज की मरम्मत कराई जाए। इससे गांव के लोगों को आने-जाने में सहूलियत होगी और बाढ़ का खतरा भी कम होगा।
साथ ही कमरुद्दीन टोला से विनोद टोला तक बांध का चौड़ीकरण करने की भी मांग की गई। निताई टोला वार्ड नंबर 13 की महिलाओं ने कहा कि वार्ड 13 और 14 के बीच एक नया ब्रिज बनाया जाए। बारिश के समय यहां यातायात बाधित हो जाता है। आजमनगर प्रखंड के रोजा जीविका ग्राम संगठन की महिलाओं ने गोरखपुर पंचायत के शिवरामपुर गांव में पक्की नाली और सड़क की मांग की। उन्होंने कहा कि बेगा मेंबर के घर से सुमित मेंबर के घर तक हर समय पानी जमा रहता है, जिससे लोगों को परेशानी होती है।
