बाढ़ की तैयारी को लेकर प्रमुख के अध्यक्षता में अनुश्रवण समिति की बैठक संपन्न।
दस्तक 7मीडिया ,कुशेश्वरस्थान/दरभंगा
पूर्वी प्रखंड कार्यालय के सभा भवन में गुरुवार को प्रमुख अंजनी भारती की अध्यक्षता में बाढ़ पूर्व तैयारी को लेकर अनुश्रवण समिति की बैठक हुई। बैठक की कार्यवाही शुरू होते ही सीओ गोपाल पासवान ने विगत वर्ष आयी भीषण बाढ़ की चर्चा करते हुए कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चलाए गए सरकारी नाव का नाविक एवं नाव मालिकों ने सही ढंग से संचालन नहीं किया गया था जिसकी जांच कर कई नाविकों का लॉगबुक रद्द किया गया था।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष जितने सरकारी नाव बहाल किए जाएंगे सभी नाव को लाल रंग से पेंट करना होगा। ताकि लोगों को सरकारी नाव को पहचानने में सहुलियत हो। बहाल किए गए सरकारी नाव को लाल रंग से पेंट नहीं करने वाले नाव मालिक एवं नाविकों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और उन्हें मानदेय का भुगतान नहीं किया जाएगा। और साथ ही इस वर्ष बिना जीओ टेगिंग किए नाव का परवाना निर्गत नहीं किया जाएगा।
बैठक में मुखिया छेदी राय ने बाढ़ प्रभावित पंचायत के स्वास्थ्य उपकेंद्र पर चिकित्सक एवं एएनएम की नियुक्ति करने के साथ साथ केन्द्र पर सर्प दंश से सुरक्षा हेतु पर्याप्त दवा उपलब्ध करने का मांग किया। और बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में कम से कम तीन मोटरवोट एम्बुलेंस की व्यवस्था की जाय ताकि प्रभावित लोगों को सुविधा मिल सके। श्री राय ने कमला बलान तटबंध पर तीन स्थानों पर मेडिकल कैम्प लगाने की मांग किया।
बिजली विभाग पर सवाल उठाते हुए महिसौत के मुखिया राजेश पासवान ने कहा कि मेरा गांव पूरी तरह अंधकारमय है। इस मामले को लेकर कई बार कनीय अभियंता को फोन किया गया लेकिन वे फोन ही नही उठाते है। वहीं भाजपा नेता अशोक आनंद ने कहा कि अधिकांश बिजली विभाग के द्वारा शाम में ही बिजली काटा जाता है जिस समय बच्चे का पढ़ने का समय होता है।

