महापौर ने किया 270 करोड़ की स्मार्ट वॉटर ड्रेनेज परियोजना का औचक निरीक्षण,

गुणवत्ता में कमी और अनियमितता पर जताई कड़ी नाराज़गी,दिए तत्काल सुधार के निर्देश

दस्तक 7 मीडिया दरभंगा /

दरभंगा नगर निगम द्वारा संचालित 270 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन स्मार्ट वॉटर ड्रेनेज प्रोजेक्ट के अंतर्गत एकमी क्षेत्र में बन रहे नाले का महापौर अंजुम आरा के नेतृत्व में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में उपमहापौर नाजिया हसन,वार्ड पार्षद सह सदस्य सशक्त अस्थाई समिति नफीसुल हक रिंकू,उपनगर आयुक्त,मोहम्मद फ़िरोज़ नगर अभियंता,सऊद आलम बुडको के एसडीओ,ठेकेदार एवं अन्य तकनीकी पदाधिकारी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान कार्य स्थल पर निर्माण की गुणवत्ता में कमी और कार्य में अनियमितता पाई गई। महापौर ने संबंधित अभियंताओं एवं ठेकेदार को मौके पर ही कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देशित किया कि योजना बोर्ड अविलंब स्थल पर लगाया जाए,अन्यथा कार्य को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया जाएगा।महापौर अंजुम आरा ने कहा यह परियोजना दरभंगा के नागरिकों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता में समझौता कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। परियोजना को समयबद्ध एवं मानक अनुसार पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर वार्ड पार्षद एवं स्थायी समिति सदस्य नफीसुल हक रिंकू ने जानकारी दी कि परियोजना के अंतर्गत 47 किलोमीटर पक्की नाली,9 किलोमीटर कच्ची नाली,तथा 7 किलोमीटर रेलवे लाइन के किनारे नाला निर्माण प्रस्तावित है। नगर निगम एवं बुडको के अभियंताओं द्वारा वाटर लेवल का समुचित परीक्षण करते हुए ड्रेनेज सिस्टम विकसित किया जा रहा है,जिससे शहर में जलजमाव की पुरानी समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस परियोजना से विशेषकर वार्ड संख्या 30, 31,32,33,37,38,39,40,41 सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों में जलनिकासी की समस्या का समाधान होने की उम्मीद है। महापौर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निर्माण कार्य पूर्ण पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ किया जाए तथा नियमित रूप से इसकी निगरानी एवं जांच की जाए ताकि परियोजना निर्धारित समयसीमा के भीतर पूर्ण हो सके।