शशांक राज ने संभाला बिरौल के 23वें अनुमंडल पदाधिकारी का पदभार; उमेश कुमार भारती को दी गई भावभीनी विदाई।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिरौल अनुमंडल में बुधवार को एक महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला, जब युवा और ऊर्जावान अधिकारी शशांक राज ने अनुमंडल के 23वें अनुमंडल पदाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी उमेश कुमार भारती से यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी ली, जिन्हें इस अवसर पर भावभीनी विदाई दी गई।


पदभार ग्रहण करने के बाद, शशांक राज ने कहा कि उनका मुख्य ध्यान सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाना, आम जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान करना और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना होगा। वह पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ काम करेंगे ताकि प्रशासन और जनता के बीच विश्वास का रिश्ता मजबूत हो सके। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही अनुमंडल का सर्वांगीण विकास संभव है।

बिरौल बाढ़ राहत कार्य के दौरान एसडीओ के धैर्य से एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी प्रभावित–

अनुमंडल मुख्यालय के सभागार में आयोजित विदाई सह स्वागत समारोह में एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी ने कहा कि पिछले दिनों बिरौल क्षेत्र में आई प्रलयकारी बाढ़ के दौरान राहत और बचाव कार्यों में जुटे अधिकारियों के बीच एक असाधारण समन्वय और प्रेरणादायक नेतृत्व देखने को मिला। इसी संदर्भ में, एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने एसडीओ उमेश कुमार भारती के धैर्य और कार्यशैली की जमकर सराहना की है। एसडीपीओ श्री चौधरी ने बताया कि बिरौल क्षेत्र में बाढ़ के विनाशकारी प्रभाव के बीच उन्हें एसडीओ सर के साथ काम करने का अवसर मिला। उन्होंने विशेष रूप से एसडीओ के धैर्य और शांत स्वभाव का जिक्र करते हुए कहा, “प्रलयकारी बाढ़ के दौरान जब स्थिति अत्यंत चुनौतीपूर्ण थी, एसडीओ सर को धैर्य से काम करते हुए देखना अपने आप में एक बड़ा अनुभव था। उनसे विपरीत परिस्थितियों में भी शांत और संयमित रहकर कार्य करने की प्रेरणा मिली।” श्री चौधरी ने आगे कहा कि एसडीओ के इस धैर्यपूर्ण दृष्टिकोण ने न केवल उन्हें बल्कि पूरी टीम को विषम परिस्थितियों से निपटने में मदद की। उनका मानना है कि ऐसे नेतृत्व ने राहत कार्यों को सुचारु रूप से चलाने और प्रभावित लोगों तक प्रभावी सहायता पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। बिरौल में आई बाढ़ ने व्यापक तबाही मचाई थी, लेकिन अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन के अथक प्रयासों से जान-माल के नुकसान को कम करने और प्रभावितों को राहत प्रदान करने में सफलता मिली।इस अवसर पर आयोजित विदाई समारोह में निवर्तमान अनुमंडल पदाधिकारी उमेश कुमार भारती के कार्यकाल की जमकर सराहना की गई। वक्ताओं ने उनके कार्यकाल को सफल और जनहितैषी बताया।

उमेश कुमार भारती ने अपने संबोधन में बिरौल अनुमंडल में बिताए गए समय को यादगार बताया और सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा आम जनता से मिले सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिरौल की जनता ने उन्हें जो स्नेह दिया है, उसे वह हमेशा याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि बिरौल अनुयंडल वासियों को जब भी हमारी आवश्यकता होगी मैं सहयोग करने का प्रयास करूंगा।
इस अवसर पर डीसीएलआर मो.युनूस अंसारी, सभी बीडीओ,सीओ,एम ओ,अनुमंडल कार्याल के कर्मचारी, भाजपा पूर्वी के जिलाध्यक्ष विनय पासवान, सरपंच अच्युतानंद ठाकुर, बलराम टेकड़ीवाल,त्रिभुवन कुमार, केशव चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने नए अनुमंडल पदाधिकारी शशांक राज का स्वागत किया और उन्हें सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं, उमेश कुमार भारती को उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हुए भावुक विदाई दी गई।