कटिहार के समेली प्रखंड के छोआर पंचायत में मंगलवार सुबह शौच के लिए गई एक 37 वर्षीय महिला की बधार में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान मंचन महतो की पत्नी सुमता देवी के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार की रात हुई तेज बारिश के कारण क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति थी।
वहीं सुमता देवी शौच के लिए निकलीं और फिसलकर धार में गिर गईं। स्थानीय गोताखोरों ने काफी प्रयास के बाद उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। जिसके बाद मृतका के पति ने परिवार के साथ पोठिया थाने में घटना की सूचना दी।
घटना के बाद रोते-बिलखते परिजन।
सूचना मिलते ही अपर थानाध्यक्ष डोली कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। बताया गया कि मृतका के दो बच्चे है।
प्रशासन से मुआवजे की मांग की
घटना की सूचना मिलने के बाद छोआर पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि अक्षय कुमार मंडल, पंचायत समिति प्रतिनिधि राहुल भारती और राजद नेत्री बेबी यादव ने घटनास्थल का दौरा किया और परिवार के लिए मुआवजे की मांग की है।
