दरभंगा: बक्सर जिले के राजपुर के अहियापुर गांव में हुए नरसंहार के विरोध में सोमवार को दरभंगा में युवा राजद ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूंका। कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर युवा राजद दरभंगा के अध्यक्ष राकेश नायक ने किया। उन्होंने कहा कि बिहार में अपराधियों का तांडव जारी है। हर दिन सैकड़ों हत्याएं हो रही हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके दोनों उपमुख्यमंत्री अपराध रोकने में पूरी तरह नाकाम हैं। राकेश नायक ने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार का महा जंगलराज चल रहा है। व्यापारी, छात्र, महिलाएं और आम लोग अपराधियों के निशाने पर हैं। सत्ता में बैठे लोग अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार की सरकार अंधी, बहरी और गूंगी हो चुकी है। मंत्री और विधायक अपराधियों के पैर छूकर खुद को धन्य मान रहे हैं। सोमवार को दोपहर 2 बजे पोलो ग्राउंड से पैदल मार्च करते हुए लहेरियासराय टावर पर पुतला दहन किया गया। कार्यक्रम में इंडिया गठबंधन के सभी घटक दलों के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। राकेश नायक ने कहा कि नीतीश सरकार लोकतांत्रिक परंपराओं की धज्जियां उड़ा रही है। हर हाथ में कट्टा है, बात-बात पर हत्या हो रही है। दिन की शुरुआत गोलियों की बौछार से हो रही है। इस प्रदर्शन में युवा राजद के प्रधान महासचिव अकबर अली, प्रेम चंद यादव, प्रदेश उपाध्यक्ष गोविंद यादव, महानगर अध्यक्ष गंगा मंडल, अल्पसंख्यक जिलाध्यक्ष मो साबिर हुसैन, सुभाष पासवान, धर्मवीर यादव, कुंदन महतो, प्रवक्ता टुनटुन यादव, श्याम यादव, अभिषेक झा, नदीम राजा, मनीष गुप्ता, शेखर मंडल, शमशेर, सुरेश पासवान आदि मौजूद रहे।
