बिहार में दवा उपलब्धता की जानकारी अब एक क्लिक पर: बिरौल, दरभंगा में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लगा QR कोड।
दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग ने राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने और दवाइयों की उपलब्धता को लेकर पारदर्शिता लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी कड़ी में, बिरौल स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एक क्यूआर (QR) कोड आधारित प्रणाली की शुरुआत की गई है, जिसके माध्यम से आम जनता को सरकारी अस्पतालों में दवाओं की रियल टाइम उपलब्धता की जानकारी तुरंत मिल सकेगी।
इस पहल का उद्देश्य न केवल मरीजों और उनके परिजनों को दवा ढूंढने में होने वाली परेशानियों से निजात दिलाना है, बल्कि मुफ्त जन औषधि की उपलब्धता, उनकी जानकारी और लोक स्वास्थ्य सुदृढ़ीकरण हेतु कल्याणकारी कदमों को भी बढ़ावा देना है। क्यूआर कोड वाले इस सूचना पट्ट में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि “QR कोड स्कैन कर तुरंत पाएं दवा उपलब्धता की जानकारी।” यह सुविधा मरीजों को अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड को स्कैन करके सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध दवाओं की सूची और उनकी स्टॉक स्थिति देखने की अनुमति देगी।
