शिवहर में यूपीएससी की तैयारी कर रहे छात्र का शव आम के बगीचे में पेड़ से लटका मिला है। मृतक की पहचान रामपुर यदु वार्ड नंबर 11 निवासी रंजन कुमार यादव के रूप में हुई है। मृतक के परिजनों ने बताया कि रंजन कल रात 9 बजे से लापता था। जिसे लेकर उन्होंने रात 1:30 बजे फतेहपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आज शुक्रवार की सुबह करीब 5 बजे रंजन का शव पेड़ से लटका मिला।

उसके चाचा कमलेश राय ने बताया कि रंजन दिल्ली में यूपीएससी की तैयारी कर रहा था। उसका सिर्फ एक एग्जाम बाकी था। परिजनों का आरोप है कि रंजन की हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है। फतेहपुर थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। साथ ही आसपास के लोगों और परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। फोरेंसिक टीम की मदद से भी जांच की जा रही है। पुलिस ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा।