सीवान में सिसवन-सीवान मुख्य मार्ग पर आज एक सड़क हादसे में धनेश कुमार महतो (35) की मौत हो गई। बता दें कि घटना सिसवन थाना क्षेत्र के घुरघाट गांव के पास हुई। धनेश कुमार घरेलू सामान लेने के लिए मुख्य सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोग घायल को सिसवन रेफरल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना आज सुबह 11:30 बजे की है।

परिवार के सामने अब आर्थिक संकट

मृतक अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी पत्नी ममिता देवी और मां हेवंती देवी की स्थिति बेहद दयनीय है। परिवार के सामने अब आर्थिक संकट भी खड़ा हो गया है। सिसवन थाना प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सीवान सदर अस्पताल भेजा गया है। मृतक के परिजनों के बयान पर अज्ञात वाहन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

मामले की जांच जारी

स्थानीय ग्रामीणों ने मुख्य सड़क पर यातायात व्यवस्था को सुधारने की मांग की है। उन्होंने स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की भी मांग की है। पुलिस ने दोषी वाहन चालक की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।