एक छत के नीचे मिलेंगी सुविधाएं, पहले की तरह एक वार्ड से दूसरे वार्ड नहीं जाना होगा।
भागलपुर सदर अस्पताल में शुक्रवार को मॉडल लेबर वार्ड का उद्घाटन किया गया। अब लेबर वार्ड मॉडर्न सुविधाओं से लैस है और इसका उद्घाटन सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद, अस्पताल प्रभारी डॉ. राजू और अस्पताल मैनेजर आशुतोष कुमार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।
उद्घाटन के बाद सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद को अस्पताल प्रभारी डॉ. राजू ने नए वार्ड में मौजूद सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, इस मॉडल वार्ड के निर्माण से प्रसव के लिए आने वाली महिलाओं को एक ही स्थान पर सभी जरूरी सुविधाएं मिल सकेंगी, जिससे उन्हें पूर्व की तरह एक वार्ड से दूसरे वार्ड में नहीं जाना पड़ेगा।
डिप्टी सुपरिंटेंडेंट राजू ने CS को दी जानकारी।
सुविधाएं एक छत के नीचे, नहीं करनी होगी इधर-उधर भागदौड़
अब तक मरीजों को प्रसव के दौरान जांच, इलाज और भर्ती की प्रक्रिया के लिए अलग-अलग वार्ड में भेजा जाता था, जिससे उन्हें भारी परेशानी होती थी। नई व्यवस्था के तहत सभी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिलेगी।
सिविल सर्जन डॉ. अशोक प्रसाद ने कहा कि यह मॉडल लेबर वार्ड सरकार की ‘मां और शिशु सुरक्षा योजना’ के तहत एक बड़ा कदम है। उन्होंने कहा कि इस पहल से स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा और प्रसव के दौरान महिलाओं की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जाएगी।
अस्पताल प्रभारी डॉ. राजू ने कहा कि इस मॉडल वार्ड में प्रशिक्षित स्टाफ, मॉडर्न इक्विपमेंट और इमरजेंसी सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इसके अलावा स्वच्छता और मरीजों की गोपनीयता का भी विशेष ध्यान रखा गया है।
