फ्रेशर्स डे . मात्स्यिकी महाविद्यालय में समारोह का हुआ आयोजन
मात्स्यिकी महाविद्यालय, किशनगंज में नवप्रवेशित छात्रों के स्वागत में फ्रेशर्स डे समारोह का भव्य आयोजन हुआ। यह महाविद्यालय बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, पटना के अंतर्गत आता है। कार्यक्रम का उद्देश्य नए छात्रों का स्वागत करना, आपसी परिचय बढ़ाना और सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाना था।
समारोह की शुरुआत महाविद्यालय के डीन डॉ. वी. पी. सैनी के प्रेरणादायक भाषण से हुई। उन्होंने छात्रों को शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ सांस्कृतिक और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भाग लेने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ संतुलन बनाकर छिपी प्रतिभाओं को मंच देना चाहिए। इससे नेतृत्व कौशल निखरता है।
प्रथम वर्ष के छात्रों ने नृत्य, गीत, कविता और अभिनय की रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। मंच पर जोश और उत्साह का माहौल बना रहा। दर्शकों की तालियों से सभागार गूंजता रहा। द्वितीय वर्ष के छात्रों ने आयोजन समिति की जिम्मेदारी निभाई। कार्यक्रम का संचालन द्वितीय वर्ष के छात्रों और सहायक प्राध्यापक श्री भारतेन्दु विमल ने किया।
श्री विमल ने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वरिष्ठों के अनुभवों से सीख लेकर आत्मविश्वास की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। पूरे कार्यक्रम का निर्देशन सांस्कृतिक समिति ने किया। संयोजन में डॉ. अभिमान, डॉ. भारतेन्दु विमल और डॉ. पूजा सकलानी की अहम भूमिका रही। इस आयोजन ने छात्रों के बीच सौहार्द का वातावरण बनाया। साथ ही रचनात्मकता, नेतृत्व क्षमता और सामूहिक सहभागिता को भी बढ़ावा मिला।
