कैमूर में सोमवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसा बेलांव थाना क्षेत्र के एकौनी गांव में तीन पुलिया के पास हुआ, जहां बाइक बेकाबू होकर पलट गई। मृतक की पहचान अधौरा थाना क्षेत्र के बिदुरी गांव निवासी 42 वर्षीय महेंद्र शाह के रूप में की गई है।

अचानक हुई इस दुर्घटना से मृतक के गांव में पसरा मातम
रिश्तेदारी से लौट रहे थे घर

परिजनों के अनुसार महेंद्र शाह एकौनी गांव में रिश्तेदारी में गए थे। वहां से वापस घर लौटते समय रास्ते में यह हादसा हो गया। महेंद्र के छोटे बेटे राकेश कुमार ने बताया,

पापा एकौनी गांव से लौट रहे थे, तभी रास्ते में बाइक पलट गई। पुलिस से सूचना मिली, तो हम लोग तुरंत सदर अस्पताल पहुंचे। – राकेश कुमार, मृतक का बेटा

मौके पर पहुंची पुलिस,

घटना की जानकारी मिलते ही बेलांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेजा गया।

थाना अध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

गांव में पसरा मातम

अचानक हुई इस दुर्घटना से मृतक के गांव बिदुरी और रिश्तेदारों में शोक की लहर है। परिजन और गांववाले गमगीन हैं।