खेलो इंडिया के तहत पटना के दीघा में चल रहे बॉक्सिंग टूर्नामेंट में कटिहार के जफरुद्दीन युसूफ हुसैन ने कांस्य पदक जीता।

 

उन्होंने बिहार टीम की ओर से भाग लिया। युसूफ कटिहार जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन से जुड़े हैं। इस जीत से उन्होंने न सिर्फ कटिहार, बल्कि पूरे बिहार का मान बढ़ाया। युसूफ की इस उपलब्धि पर रेलवे मैदान में उन्हें सम्मानित किया गया। यहीं वे रोज अभ्यास करते हैं। बिहार सरकार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और बिहार बॉक्सिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष तारकेश्वर प्रसाद ने उन्हें शॉल और पुष्प देकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पहले भी कटिहार को बॉक्सिंग रिंग दिया है। अब एक और बॉक्सिंग रिंग देने की घोषणा की।

 

कटिहार जिला बॉक्सिंग एसोसिएशन के सचिव बबन कुमार झा ने बताया कि जिले के खिलाड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। जिले में तीन जगहों पर खिलाड़ियों की प्रैक्टिस चलती है। युसूफ सुमन सिंह की अकादमी में अभ्यास करते हैं। इस पदक में सुमन सिंह का भी बड़ा योगदान है। युसूफ को बधाई देने वालों में तारकेश्वर प्रसाद, बबन कुमार झा के अलावा वार्ड पार्षद प्रमोद महतो, व्यास जी चौधरी, अमित गौरव, संतोष राय, राजीव रंजन झा और पंकज पासवान शामिल रहे। सभी ने उज्जवल भविष्य की कामना की।