अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल ने असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के दिए निर्देश, डीजे संचालकों पर होगी सख्त कार्रवाई।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता दरभंगा।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल मनीष चन्द्र चौधरी ने सोमवार को अपने कार्यालय में एक क्राईम मिटींग बुलाई, जिसमें अनुमंडल के सभी छह थानों के थानाध्यक्ष और अंचल पुलिस निरीक्षक शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था बनाए रखना था।
एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी ने सभी थानाध्यक्षों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखें और असामाजिक तत्वों को चिन्हित कर उन पर कड़ी कार्रवाई करें। उन्होंने हाल के दिनों में घटित घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पुलिस को और अधिक सतर्क रहने का निर्देश दिया। एसडीपीओ ने सभी थानाध्यक्षों को विवाह समारोहों और अन्य आयोजनों में उपयोग किए जाने वाले उंचे साउंड बजाने पर प्रतिबंध लगाने तथा रात्रि दस बजे के बाद किसी भी तरह के साउंड सिस्टम बजाने पर रोक लगाने का स्पष्ट आदेश दिया। उन्होंने कहा कि डीजे संचालकों के विरुद्ध भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि ध्वनि प्रदूषण को नियंत्रित किया जा सके और शांति व्यवस्था भंग न हो।


इसके अतिरिक्त, एसडीपीओ ने हाल ही में बिरौल के मदरसा रहमानिया रोड पर मटकोर करने जा रहे समूह के साथ हुई झड़प और पत्थरबाजी की घटना पर भी संज्ञान लिया। उन्होंने इस घटना में शामिल दोषियों की पहचान कर उनके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
एसडीपीओ श्री चौधरी ने सभी पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से गश्त करने और आम लोगों के साथ संवाद स्थापित करने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के बीच बेहतर समन्वय से अपराध नियंत्रण में मदद मिलेगी। उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और पीड़ितों को न्याय दिलाने पर भी जोर दिया। इस विशेष बैठक में एसडीपीओ ने अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था और सामुदायिक पुलिसिंग से संबंधित कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों से इन निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने और अपने-अपने क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का माहौल बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास करने को कहा। बैठक में अंचल पुलिस निरीक्षक महफूज आलम, थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह, अजीत कुमार,राहुल कुमार, अंकित कुमार, अखिलेश कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।