जमुई से अंधविश्वास का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। खैरा थाना क्षेत्र के पिपराटॉड गांव की रहने वाली 32 वर्षीय सिंटू देवी को रविवार को करैत सांप के काट लिया। इसके बाद सिर पर ईंट रखकर महिला 25 किलोमीटर पैदल चलकर जमुई सदर अस्पताल पहुंची। अस्पताल में यह नजारा देखकर डॉक्टर और मरीज हैरान रह गए।

महिला का मानना था कि सिर पर ईंट रखने से सांप का जहर ऊपर नहीं चढ़ता। यह अंधविश्वास उस इलाके में लंबे समय से फैला हुआ है।

सदर अस्पताल के डॉक्टरों ने तत्काल किया इलाज
डॉक्टरों ने समय रहते बचाई जान

सिंटू देवी ने बताया कि वह रविवार सुबह घर में काम कर रही थीं, तभी उन्हें करैत सांप ने काट लिया। परिजन बिना समय गंवाए उन्हें अस्पताल लाने लगे, लेकिन उन्होंने जिद किया कि सिर पर ईंट रखे बिना नहीं चलेंगी।

महिला के सदर अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने तत्काल उनका इलाज किया और सिंटू देवी की जान बचा ली। फिलहाल, उनकी हालत खतरे से बाहर है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

स्वास्थ्य जागरूकता की भारी कमी

घटना के बाद लोगों में चर्चा है कि स्वास्थ्य जागरूकता की भारी कमी आज भी ग्रामीण क्षेत्रों में बनी हुई है। चिकित्सकों और सामाजिक कार्यकर्ताओं का कहना है कि ऐसे अंधविश्वास के कारण समय पर इलाज नहीं मिलने से जान भी जा सकती है।