भागलपुर के ऐतिहासिक सैंडिस कंपाउंड में ‘खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025’ के सातवें संस्करण की शानदार शुरुआत हुई। अंग प्रदेश भागलपुर को तीरंदाजी और बैडमिंटन की मेजबानी मिली है। रविवार सुबह 8:30 बजे तीरंदाजी मुकाबलों की शुरुआत हुई। जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी और एसएसपी हृदयकांत ने तीर चलाकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह भी बढ़ाया।

देशभर से पहुंचे 61 खिलाड़ी

देश के 18 राज्यों से 61 तीरंदाज यहां पहुंचे हैं। जिनमें दिल्ली, दादरा नगर हवेली, हरियाणा, मणिपुर, मध्य प्रदेश, पंजाब, तमिलनाडु, राजस्थान, आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों के खिलाड़ी शामिल हैं। पहले सत्र में छह इवेंट्स हुए। जिनमें 70 मीटर रिकर्व और 50 मीटर कंपाउंड मुकाबलों से शुरुआत हुई।

तीरंदाजी प्रतियोगिता की शुरुआत।
खिलाड़ियों ने की व्यवस्थाओं की तारीफ

प्रतियोगिता में शामिल आर्चरी खिलाड़ी ऐश्वर्या कुमारी ने बताया, ‘भागलपुर में बेहतरीन सुविधाएं मिली हैं। आयोजन शानदार है। इससे खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिला है।’

भागलपुर के अलावा गया, राजगीर, बेगूसराय, पटना और दिल्ली को भी खेलों की मेजबानी दी गई है। भागलपुर में 7 मई तक तीरंदाजी और 10 से 13 मई तक बैडमिंटन मुकाबले होंगे।

खेल प्रतिभा को मिलेगी पहचान

जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कहा, ‘खिलाड़ियों के लिए यह सुनहरा अवसर है। इस आयोजन से न सिर्फ युवाओं में उत्साह बढ़ेगा, बल्कि बिहार की खेल प्रतिभा को नई पहचान मिलेगी।’

सीनियर एसपी हृदयकांत ने कहा, ‘युवा खेलों में अनुशासन और जोश का बेहतर उदाहरण पेश कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पूरे इंतजाम किए गए हैं।’