मॉब लिंचिंग के खिलाफ खगड़िया में कारवां ए मोहब्बत की बैठक
भीड़ हिंसा, नफरत फैलाने वाले भाषण और सामाजिक वैमनस्य के खिलाफ कारवां ए मोहब्बत की बैठक भारत प्रेस परिसर में हुई। बैठक की अध्यक्षता समाजसेवी किरण देव यादव ने की। बैठक में जिले के कई सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए। शुरुआत परिचय सत्र से हुई। फिर संगठन के उद्देश्य और आगे की रणनीति पर चर्चा हुई। दिल्ली से आए सहज सिंह, मोहम्मद असगर शरीफ और मोहम्मद आमिर ने कहा कि देश में मॉब लिंचिंग की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसका कारण नफरती और भड़काऊ भाषण हैं।
इससे कई निर्दोषों की जान जा चुकी है। संगठन का उद्देश्य पीड़ितों को राहत और कानूनी मदद देना है। बैठक में किरण देव यादव को संयोजक चुना गया। गौतम गुप्ता संरक्षक बनाए गए। उमेश ठाकुर, प्रिंस कुमार, मोहम्मद अकरम, मधुबाला और चंद्रशेखर मंडल को सह संयोजक बनाया गया। 21 सदस्यीय संयोजन समिति का गठन हुआ। इसमें कमल किशोर यादव, प्रफुल्ल चंद्र घोष, अमरीश यादव, गुड्डू ठाकुर, सतीश आनंद, रंजन कुमार, पंकज कुमार, सोनू कुमार और धर्मेंद्र कुमार शामिल हैं। किरण देव ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य प्रेम, भाईचारा, शांति और सामाजिक सौहार्द कायम करना है।
जल्द ही खगड़िया में क्षेत्रीय सम्मेलन सह प्रशिक्षण शिविर होगा। इसमें खगड़िया, सहरसा, मधेपुरा, कटिहार, बेगूसराय, मुंगेर और समस्तीपुर के प्रतिनिधि भाग लेंगे। शिविर में मॉब लिंचिंग और नफरती भाषणों पर रोक की रणनीति बनेगी। उन्होंने कहा कि हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई सभी भाई-भाई हैं। वसुधैव कुटुंबकम्, विश्व बंधुत्व, समानता, सम्मान, अभिव्यक्ति की आजादी और सामाजिक न्याय के लिए संगठन बड़े स्तर पर काम करेगा। सद्भावना मार्च, सम्मेलन, कार्यशाला, पदयात्रा और प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्र, नौजवान, मजदूर, किसान, महिलाएं और आम लोगों के बीच चलाए जाएंगे।
