भेरिया रहिका गोशाला मध्य विद्यालय में सूरदास जयंती के मौके पर कार्यक्रम हुआ आयोजित।
दिव्यांगों के विकास के लिए कार्यरत राष्ट्रीय संगठन सक्षम की नगर इकाई ने सूरदास जयंती पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया। यह कार्यक्रम भेरिया रहिका गोशाला मध्य विद्यालय परिसर में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता सक्षम के प्रांतीय कोषाध्यक्ष अरुण कुमार चौधरी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में स्वदेशी जागरण मंच उत्तर बिहार प्रांत के सह संयोजक विनय भूषण मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत बच्चों द्वारा स्वागत गान से हुई। वक्ताओं ने सूरदास के जीवन पर प्रकाश डाला। बताया कि 15वीं शताब्दी में दिव्यांग कवि सूरदास ने श्रीकृष्ण की भक्ति से विश्व को परिचित कराया।
वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान में जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने सूरदास की परंपरा को आगे बढ़ाया। उन्होंने राम मंदिर के मुकदमे में सर्वोच्च न्यायालय में गवाही देकर यह सिद्ध किया कि रामलला की प्रतिमा जहां विराजमान है, वहीं राम जन्मभूमि है। न्यायालय ने इसे स्वीकार कर राम मंदिर के पक्ष में फैसला दिया। आज उसी स्थान पर भव्य राम मंदिर खड़ा है। अरुण चौधरी ने बताया कि सूरदास जयंती हर साल वैशाख शुक्ल पंचमी को मनाई जाती है। कार्यक्रम में ग्रामीण बच्चों ने संत सूरदास के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। मंच संचालन दिव्यांग संतोष कुमार ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में ग्रामीण बच्चों का विशेष सहयोग रहा।
