कैमूर में लोजपा रामविलास पार्टी के जिलाध्यक्ष गजेंद्र गुप्ता ने भभुआ शहर के रीक्रिएशन क्लब में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। जहां उन्होंने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षा जाहिर की है। गुप्ता ने कैमूर जिले की चार विधानसभा सीटों में से दो सीटों पर दावा ठोका है।

उन्होंने कहा कि भभुआ सीट तो हर हाल में लोजपा को मिलनी चाहिए। इसके पीछे उन्होंने 2010 में पार्टी की जीत का हवाला दिया। दूसरी सीट गठबंधन के फैसले पर छोड़ दी है। जिलाध्यक्ष ने जातीय जनगणना पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि यह केंद्र का महत्वपूर्ण निर्णय है। उनका मानना है कि इससे ‘बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट’ के विजन को मजबूती मिलेगी।

गुप्ता ने बताया कि वे पहले से ही वरिष्ठ नेतृत्व को इस मांग से अवगत करा चुके हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर मजबूती से काम कर रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को यहां हार का सामना करना पड़ा था और राजद के उम्मीदवार की जीत हुई थी।