किशनगंज में शुक्रवार की सुबह नेपाल से आए जंगली हाथियों ने तबाही मचाई है। दिघलबैंक प्रखंड क्षेत्र के मूलाबाड़ी, डोरिया और आसपास के सीमावर्ती गांवों में 5-6 हाथियों का झुंड मक्के की फसलों को नष्ट कर रहा है। बता दें कि शुक्रवार को धनतोला, मुलाबारी और अन्य सीमावर्ती गांवों में जंगली हाथी सड़कों पर दिखाई दिए।

हाथियों ने लोगों के घरों को क्षतिग्रस्त किया और किसानों की फसलें बर्बाद कीं। इससे किसानों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। दिन के उजाले में हाथियों के गांव में घुसने से लोगों में भय का माहौल है। प्रभावित किसानों में सखिलाल, मोहम्मद माफिक, मो. मुश्फिक, मो. तबस्सुर आलम, विशांत लाल और अंतिम कुमार शामिल हैं ।

मुआवजा देने की मांग की

किसानों ने बताया कि हाथियों ने कई बीघा खेतों में खड़ी मक्के की फसल को नष्ट कर दिया है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से हाथियों को रोकने और नुकसान का मुआवजा देने की मांग की है। बताया कि वन विभाग को घटना की सूचना दे दी गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि स्थानीय प्रशासन और वन विभाग की टीम ने अभी तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। हाथियों को भगाने के लिए उचित कार्रवाई न होने से किसानों को नुकसान झेलना पड़ रहा है।