पलामूः पुलिस की सक्रियता से पलामू में एक बैंक में होने वाली लूट की घटना विफल हो गई है. पुलिस ने पलामू से कोढ़ा गैंग से जुड़े दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. दरअसल पलामू के भारतीय स्टेट बैंक के शाखा में कोढ़ा गैंग से जुड़े हुए दो आरोपी रेकी कर रहे थे. इसी क्रम में गुमला एवं पलामू पुलिस ने रेकी करते हुए कोढ़ा गैंग से जुड़े हुए दो आरोपियों को पकड़ लिया. इससे पहले गुमला पुलिस पलामू में बैंक के खिलाफ कार्रवाई के लिए कैंप कर रही थी.
पलामू एवं गुमला पुलिस ने कार्रवाई के लिए संयुक्त रूप से टीम बनाई थी. संयुक्त टीम को आरोपियों के बारे में जानकारी मिली थी. इसके बाद छापेमारी शुरू की गई थी. मेदिनीनगर टाउन थाना के प्रभारी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर दीपक कुमार सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आगे की छानबीन की जा रही है.
दरअसल कोढ़ा गैंग बिहार के कटिहार से संचालित होती है. 2018 में गैंग ने पलामू में निजी क्षेत्र के एक बैंक के 53 लाख रुपए लूट लिए थे. बाद में पश्चिम बंगाल से पलामू पुलिस ने लूट की रकम को बरामद की थी. कोढ़ा गैंग पलामू में पहले भी कई अपराधीक घटनाओं को अंजाम दे चुकी है. मिली जानकारी के अनुसार गैंग से पूछताछ के लिए गुमला, पलामू, लातेहार और गढ़वा की पुलिस कैंप कर रही है. पकड़े गए आरोपियों के माध्यम से झारखंड में कई घटनाओं का खुलासा होगा.
