सड़क दुर्घटनाओं और अपराध पर लगाम कसने के लिए बिरौल पुलिस का चला सघन वाहन जांच अभियान।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिरौल (दरभंगा): क्षेत्र में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से बिरौल थाना पुलिस ने शनिवार देर शाम सघन वाहन जांच अभियान चलाया।

पुलिस निरीक्षक सह थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया, जिसमें पुलिस बल ने विभिन्न महत्वपूर्ण स्थानों पर नाकेबंदी कर वाहनों की गहन तलाशी ली।
इस संबंध में जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार पूरे क्षेत्र में वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शहीद भगत सिंह स्मारक चौक पर विशेष रूप से सघन जांच की गई। इसके अलावा भाटी कोठी चौक, शिवनगर घाट में भी यह अभियान चलाया गया। उन्होंने बताया कि इस जांच का मुख्य उद्देश्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करना है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं को कम किया जा सके। इसके साथ ही, वाहनों की तलाशी लेकर आपराधिक तत्वों और अवैध सामान की धरपकड़ भी की जा रही है। देर शाम तक चले इस अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चार पहिया वाहनों को रोककर उनके कागजात जैसे ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण प्रमाण पत्र और बीमा आदि की जांच की। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चला रहे लोगों के साथ-साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। कई वाहनों के चालान भी काटे गए। थानाध्यक्ष ने यह भी कहा कि इस प्रकार के वाहन जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनी रहे और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए। उन्होंने आम जनता से भी अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें और पुलिस का सहयोग करें।