शिवहर के सरोज सीताराम सदर अस्पताल में पिकअप की टक्कर से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना शुक्रवार की सुबह 10 बजे गांधी चौक के पास हुई। मृतक की पहचान कमरौली निवासी गोपाल राय के बेटे सुधीर कुमार (19) के रूप में हुई है।
इस घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया।
अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप
परिजनों का कहना है कि युवक अस्पताल पहुंचने के समय होश में था। उनका आरोप है कि चिकित्सकों और एक्स-रे टेक्नीशियन की देरी के कारण सुबह 11:30 बजे युवक की मौत हो गई। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि उनका बेटा इलाज के दौरान ठीक था, लेकिन अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से उसकी मौत हुई।
SDM ने जांच का दिया आश्वासन
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए शिवहर और पिपराही थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीएम अभिनाष कुणाल ने मामले की जांच का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि परिजनों के आरोपों की जांच की जा रही है और जल्द ही कार्रवाई की जाएगी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पूर्व मुखिया सुमित कुमार वर्मा (दीपू) और समाजसेवी संजीत कुमार यादव ने भी अस्पताल में समुचित इलाज की कमी की बात कही है। उन्होंने जिला प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
