जमुई के जामुखरैया पंचायत स्थित कांवर गांव में गुरुवार सुबह ठनका गिरने से 12 साल की बच्ची की मौत हो गई। मृतक बच्ची की पहचान मिट्ठू पंडित की बेटी आरती कुमारी (12) के रूप में हुई है। यह घटना झाझा थाना क्षेत्र में हुई है।

आरती के पिता मिट्ठू पंडित पटना में मजदूरी करते हैं। परिवार में दो बहनें और एक भाई हैं। घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है।

शौच से लौट रही बच्ची पर गिरा ठनका

मृतका आरती आठवीं कक्षा की छात्रा थी। वह शौच के लिए घर से बाहर गई थी। वापस लौटते समय हल्की बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान तेज बिजली कड़की और वह उसकी चपेट में आ गई। घटना घर से लगभग 200 मीटर की दूरी पर हुई।

आपदा राहत के तहत मिलेगा मुआवजा

सूचना मिलते ही झाझा थाना की एसआई कविता माते अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए जमुई सदर अस्पताल भेज दिया। स्थानीय प्रशासन ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। आपदा राहत के तहत मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

बिहार में पिछले कुछ दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ। कई जिलों में तेज आंधी- बारिश, ओले गिरने के साथ ही ठनका भी कहर बनकर टूटा है। पिछले दिनों प्रदेश में आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में अब तक 60 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। प्रशासन मौसम को लेकर लोगों को सतर्क रहने की लगातार चेतावनी दे रहा है। बावजूद इसके लोग लापरवाही बरत रहे हैं, जिसके चलते इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही है।