बेगूसराय स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के मुख्य शाखा में अमरनाथ यात्रा के लिए परमिट बनाने का काम शुरू हो गया। बैंक में परमिट बनाने के लिए लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। बैंक खुलने का समय 10:00 बजे था, लेकिन सुबह 6:00 से ही सैकड़ों श्रद्धालु जुट गए।

10:00 बजे बैंक खुलते ही बैंक में अंदर जाने के लिए मारामारी की स्थिति हो गई। इसके बाद सूचना पर पहुंची नगर थाना की पुलिस ने काफी मशक्कत कर एक-एक कर लोगों को बैंक काउंटर पर कतार में लगवाया। इसके बाद परमिट बनाने का काम शुरू किया गया है।

एक श्रद्धालु सिक्कु सिंह ने बताया कि सुबह 6:00 बजे से आज भी लाइन में लगे थे। गर्मी के कारण हालत खराब हो गई, बेचैन हो गए। पिछले तीन दिन से बैंक का ड्रामा चल रहा था। मैनेजर कहता था सिस्टम लोड नहीं ले रहा है, लेकिन ऐसी कोई बात नहीं थी‌। जानबूझकर परेशान किया जा रहा था।

प्रशांत सिंह ने बताया कि हम लोग हर साल अमरनाथ यात्रा पर जाते हैं। इस बार भी यहां मेडिकल बनाने की समस्या थी, संघर्ष किया तो मेडिकल की व्यवस्था बेगूसराय में शुरू हुई। अब यात्रा परमिट में काफी समस्या हो रही है। परमिट देने का अधिकार सिर्फ पीएनबी को है।

मोकामा-खगड़िया से भी आ रहे लोग

इस बार नियम हो गया है कि एक रूट पर प्रत्येक दिन 5 लोगों को ही इंट्री मिलेगी, जिसके कारण भारी समस्या है। जिसके कारण दो दिनों से लोग लगातार बैंक से लौट रहे थे। आज भी भारी भीड़ लगी हुई है, सरकार से अनुरोध है कि जैसे वैष्णो देवी की यात्रा में कार्ड मिलता है। वैसे ही इसकी भी आसानी से कार्ड मिलने की व्यवस्था हो।

प्रशांत कुमार सिंह ने बताया कि बेगूसराय पीएनबी में परमिट के लिए बेगूसराय और खगड़िया जिला के अलावा मोकामा, बड़हिया और दूर दराज से लोग परमिट बनाने आ रहे हैं। या तो बैंक की संख्या बढ़ाई जाए या फिर डायरेक्ट कार्ड लेकर ऊपर चढ़ने की व्यवस्था होनी चाहिए।

जलाई में अमरनाथ यात्रा शुरू हो रही

सौरभ सिप्पी से बताया कि जुलाई में अमरनाथ यात्रा शुरू हो रही है। बेगूसराय में पीएनबी मुख्य शाखा में परमिट बनाने का ऑर्डर दिया गया है। यहां के परमिट पर 5 यात्री बालटाल और 5 यात्री पहलगाम रूट से जा सकते हैं। पिछले 2 दिनों से यहां बैंक मैनेजर परमिट नहीं दे रहे थे। वह मनमानी करते रहे, कहते थे सिस्टम काम नहीं कर रहा है, टेक्निकल प्रॉब्लम है।

आज भी सुबह 6:30 बजे लाइन में लगे तब परमिट बन सका है। शासन-प्रशासन को पहल करनी चाहिए। बेगूसराय, खगड़िया, मोकामा, रोसड़ा के सैकड़ों भक्त आते हैं और बैंक से लौटा दिया जाता। पहलगाम रूट पर 20 जुलाई तक और बालटाल रूट पर 23 जुलाई तक ऑ लाइन यात्रा पंजीकरण फुल हो चुका है। अब ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन होगा, जिसमें श्रीनगर में दो दिन रुकना पड़ेगा, जिससे समय और पैसा दोनों बर्बाद होंगे।