सतीघाट से राजघाट सड़क निर्माण की मांग को लेकर कुशेश्वरस्थान में हुआ एक ऐतिहासिक जनआंदोलन, हजारों की संख्या में स्थानीय लोग हुए शामिल, एसडीओ को सौंपा मांग पत्र।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

आंदोलनकारी सतीघाट और राजघाट के बीच की सड़क के तत्काल निर्माण की मांग कर रहे थे, जो लंबे समय से खस्ताहाल है। इस सड़क की खराब स्थिति के कारण स्थानीय निवासियों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिससे उनका दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।हजारों की संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया और सरकार से इस महत्वपूर्ण सड़क के निर्माण कार्य को प्राथमिकता देने की अपील की। आंदोलन इतना बड़ा था कि इसने स्थानीय प्रशासन का ध्यान अपनी ओर खींचा।


आंदोलनकारियों से वार्ता करने पहुंचे एसडीओ उमेश कुमार भारती से एक प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें एक मांग पत्र सौंपा। इस मांग पत्र में सड़क की वर्तमान स्थिति और इसके निर्माण की आवश्यकता का विस्तार से उल्लेख किया गया था। उन्होंने एसडीओ से इस मामले को उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने और सड़क निर्माण कार्य को जल्द से जल्द शुरू करवाने का आग्रह किया। एसडीओ ने प्रदर्शनकारियों की मांगों को ध्यान से सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि उनके मांग पत्र को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाएगा और इस समस्या का जल्द ही समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा। छात्र नेता दिलखुश कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि यह आंदोलन किसी पार्टी, संगठन या व्यक्ति का नहीं बल्कि आम जनता का है, जिसे अब सड़क की दुर्दशा और जनप्रतिनिधियों की उदासीनता बर्दाश्त नहीं।
समाजसेवी त्रिभुवन कुमार ने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि “जब तक सड़क निर्माण शुरू नहीं होता, तब तक जनता चुप नहीं बैठेगी। जनता के साथ भेदभाव छल जनप्रतिनिधि कर रहे हैं। गौरतलब है कि
सतीघाट से राजघाट सड़क निर्माण की वर्षों पुरानी माँग को लेकर आज कुशेश्वरस्थान विधानसभा क्षेत्र एकजुट होकर सड़कों पर उतर आया। सुबह 9 बजे पंचवटी चौक से शुरू हुआ यह जन आंदोलन चिंगड़ी, सिमराहा, पकाही, झझरा, वरना, दिनमो, बड़गांव, गोठानी समेत कई पंचायतों से होते हुए सतीघाट चौक पहुंचा, जहां विशाल जनसैलाब ने सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए उग्र प्रदर्शन किया।