अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बिरौल के कार्यालय में मासिक अपराध गोष्ठी आयोजित, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन पर जोर।

रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा शांतिपूर्वक संपन्न होने पर एसडीपीओ ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को बधाई दी। पुरस्कार के लिए वरीय पुलिस अधिकारी को सिफारिश करेंगे–मनीष चन्द्र चौधरी।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिरौल (दरभंगा),अनुमंडल पुलिस पदाधिकार बिरौल के कार्यालय में शुक्रवार को मासिक अपराध गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी ने की, जिसमें अनुमंडल क्षेत्र के सभी थाना अध्यक्षों ने भाग लिया।

गोष्ठी का शुरुआत बिरौल अनुमंडल क्षेत्र में रामनवमी और चैती दुर्गा पूजा शांतिपूर्वक संपन्न होने पर एसडीपीओ श्री चौधरी ने उपस्थित पुलिस अधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि वे पुरस्कार के लिए वरीय पुलिस अधिकारी को सिफारिश करेंगे। गोष्ठी का मुख्य एजेंडा क्षेत्र में कानून व्यवस्था की समीक्षा करना और लंबित आपराधिक मामलों के निष्पादन में तेजी लाना, यातायात सुविधा के साथ साथ क्षेत्र में घटना करने के बाद दुसरे राज्यों में छिपे हुए अभियुक्तों को गिरफ्तार करना था।


बैठक के दौरान एसडीपीओ मनीष चन्द्र चौधरी ने सभी थाना अध्यक्षों से उनके-अपने थाना क्षेत्रों में दर्ज लंबित कांडों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्रत्येक थानाध्यक्ष से पुराने और नए सभी प्रकार के मामलों की वर्तमान स्थिति के बारे में पूछताछ की।
उन्होंने कहा कि किसी भी मामले को अनावश्यक रूप से लंबित रखना न्याय प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करता है और इससे पीड़ितों को भी परेशानी होती है। श्री चौधरी ने सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि वे व्यक्तिगत रूप से लंबित कांडों की समीक्षा करें और उनमें तेजी लाने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने जांच अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान सुनिश्चित करने और समय पर आरोप पत्र दाखिल करने का भी निर्देश दिया ताकि अपराधियों को कानून के तहत सजा और पीड़ित को न्याय मिल सके।
एसडीपीओ ने थानाध्यक्षों को अपराध नियंत्रण के लिए अपने-अपने क्षेत्रों में गश्त तेज करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखने और सामुदायिक पुलिसिंग को बढ़ावा देने का भी आह्वान किया। उन्होंने कहा कि आम जनता के सहयोग से ही अपराध पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन का मुख्य उद्देश्य आम जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान करना है और इसके लिए सभी पुलिसकर्मियों को एकजुट होकर काम करना होगा।