कानपुर में फाइनेंस कर्मी की आत्महत्या का मामला:सुसाइड नोट में दो अधिकारियों को ठहराया जिम्मेदार। परिवार ने कहा- बेटा परेशान था।
नरवल में एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। मृतक ने सुसाइड नोट में कंपनी के दो एएसएम राहुल और नारायण को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया है। मृतक सम्राट अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। वह पढ़ाई में अच्छा था और सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था। फौज में दो बार फाइनल लिस्ट से बाहर होने के बाद करीब 3 साल पहले उसने फाइनेंस कंपनी में नौकरी शुरू की थी।
उसकी छोटी बहन कोमल ने बताया कि भाई रोज शाम को ड्यूटी से लौटने पर चाय पीकर छत के कमरे में चले जाते थे। पिछले कुछ दिनों से वह परेशान दिख रहे थे। पूछने पर बात टाल देते थे।
शनिवार को सम्राट दतिया मध्यप्रदेश में मंदिर दर्शन की बात कहकर बाइक से निकला था। शाम 7 बजे फोन पर घर आने की बात कही। 2 घंटे बाद जब बहन ने फोन किया तो जीआरपी कर्मचारी ने घटना की जानकारी दी।
जीआरपी ने सुसाइड नोट, मोबाइल और अन्य दस्तावेज अपने कब्जे में ले लिए हैं। मंगलवार दोपहर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
