करनाल के मेरठ रोड पर मंगलवार देर शाम सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि व्यक्ति दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत एम्बुलेंस को बुलाया और घायल को करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान नगला फॉर्म के रहने वाले 40 वर्षीय बलविंद्र सिंह के रूप में हुई। ग्रामीण गुलशन ने बताया कि बलविंद्र मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। घर में पत्नी के अलावा एक बेटा और दो बेटियां हैं। बलविंद्र रोजाना की तरह अपने काम से लौट रहा था, तभी यह हादसा हो गया।
मौके से वाहन ड्राइवर फरार
टक्कर मारने के बाद वाहन चालक बिना रुके मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वाहन काफी तेज गति में था और अचानक से बलविंद्र को टक्कर मार दी। हादसा होते ही लोग इकट्ठा हो गए और तुरंत मदद के लिए दौड़े, लेकिन बलविंद्र की हालत बेहद गंभीर थी। बलविंद्र की मौत की खबर जैसे ही घर पहुंची, वहां कोहराम मच गया।
ग्रामीणों ने प्रशासन से आरोपी वाहन चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भिजवाया गया। पुलिस ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
