सीतामढ़ी के जानकी स्टेडियम में आयोजित पुरुष अंडर 23 नॉक आउट ट्रॉफी के दूसरे सेमीफाइनल में बेगूसराय की टीम ने कैमूर को 66 रनों से हराया। बेगूसराय ने 171 रन बनाए, जबकि कैमूर 105 रन पर ऑल आउट हो गई।
कैमूर को हराकर फाइनल में पहुंचा बेगूसराय सीतामढ़ी। जिला मुख्यालय डुमरा स्थित जानकी स्टेडियम में बिहार क्रिकेट संघ व जिला संघ के संयोजन में आयोजित पुरुष अंडर 23 नॉक आउट ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल मैच में बेगूसराय की टीम ने कैमूर की टीम को 66 रनो से हराकर फाइनल में स्थान बना लिया है।
जानकी स्टेडियम में मंगलवार को खेले गए मैच में बेगूसराय की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 171 रन बनाकर कैमूर को 172 रनो का लक्ष्य दिया। शिवम ने 42 रन, पुष्पम ने 32 रन व युवराज ने 28 रन बनाया। कैमूर टीम के गेंदबाज दीवान व अजयवीर ने 2-2 विकेट, चिंटू व धनेश ने 1-1 विकेट लिया। जवाब में बल्लेबाजी करते हुए कैमूर की टीम 30.3 ओवर में 10 विकेट खोकर 105 रन ही बना पाई। राजू ने 31 रन, अजयवीर ने 19 रन व चिंटू ने 15 रन बनाया।
बेगूसराय टीम के गेंदबाज आयुष ने 4 विकेट, हर्ष 3 विकेट, सुधांशु 2 तथा अनिकेत ने 1 विकेट लिया। मैन ऑफ द मैच का पुरुस्कार बेगूसराय टीम के आयुष कुमार को दिया गया। मैच के अम्पायर वेद प्रकाश व तैयब हुसैन, स्कोरर रोहित व नीरज थे। मौके पर जिला क्रिकेट संघ के सचिव ज्ञान प्रकाश उर्फ रिंकू सिंह, सीईओ श्याम किशोर प्रसाद, संयोजक विवेक मिश्र आदि थे।