मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनिया रेलवे स्टेशन के समीप हुई घटना, साथ मजदूर ले गए थे अस्पताल
मनिया रेलवे स्टेशन के पास सोमवार सुबह करंट लगने से मजदूर विजय मंडल (45) की मौत हो गई। हादसे के वक्त वह साथी विमल मंडल के साथ काम कर रहे थे। विजय मंडल प्रेम नगर, डंडखोरा थाना क्षेत्र के रहने वाले थे।

 

सूत्रों के अनुसार, विजय मंडल गुवाहाटी की दत्ता सप्लाई एजेंसी के जरिए रेलवे क्षेत्र में काम कर रहे थे। एजेंसी के पदाधिकारी प्रशांत झा और गौरव कुमार की मौजूदगी में मजदूरों को बिना शटडाउन के काम पर भेजा गया। विजय मंडल गड्ढे में उतरकर तार छूने लगे, तभी करंट की चपेट में आ गए। साथी मजदूरों ने उन्हें तुरंत कार से सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे।

 

शव को अस्पताल ले गए। बता दें कि अस्पताल में चार घंटे तक शव गाड़ी में ही पड़ा रहा। एजेंसी का कोई भी प्रतिनिधि या संवेदक मौके पर नहीं पहुंचा। परिजनों ने एजेंसी पर मामले को दबाने का आरोप लगाया है। मृतक के साथी विमल मंडल ने बताया कि वह पहली बार इस साइट पर काम करने आए थे। शटडाउन नहीं होने के कारण मजदूर दोपहर तक बैठे रहे।

अस्पताल में चार घंटे शव गाड़ी में पड़ा रहा