बैठक में शाखाओं से प्राप्त रिपोर्ट की गहन समीक्षा कर दिए निर्देश
समाहरणालय में सोमवार को डीएम विशाल राज की अध्यक्षता में कार्य संस्कृति को लेकर बैठक हुई। इसमें सभी विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में शाखाओं से प्राप्त रिपोर्ट की गहन समीक्षा की गई। डीएम ने कर्मियों की कर्म पुस्तिका, संचिका निर्गमन, बायोमेट्रिक उपस्थिति, नीलाम पत्रवाद, न्यायालय वाद, आपदा प्रबंधन, एसी और डीसी विपत्र, सूचना का अधिकार, लोकायुक्त, मानवाधिकार, महिला आयोग, सीपी ग्राम, सीएम डैशबोर्ड, जनता दरबार, सेवांत लाभ, लोक शिकायत, अनुशासनिक कार्रवाई और अंतर विभागीय अनापत्ति प्रमाण पत्र से जुड़े मामलों की समीक्षा की।
डीएम ने नो डयूज प्रमाण पत्र से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निपटारे के निर्देश दिए। बॉडी वारंट की विधिसम्मत व प्रभावी रिकवरी के लिए संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने को कहा। वॉरंट के लिए एक मानक प्रारूप तैयार कर उसी के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।लंबे समय से लंबित वादों को प्राथमिकता पर निपटाने को कहा गया। पंजी-10 की नियमित जांच कर सभी प्रविष्टियों को सही और पूर्ण रखने के निर्देश दिए।
ट्रेसलेस वादों को सार्वजनिक रूप से विज्ञापित कर विधिसम्मत समापन करने को कहा गया। धारा 53 के अंतर्गत लंबित वादों में से कम से कम 50 प्रतिशत वादों को एक सप्ताह में समाप्त करने का लक्ष्य तय किया गया। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे इन बिंदुओं पर गंभीरता से अमल करें और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करें। बैठक में डीडीसी स्पर्श गुप्ता, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह आदि मौजूद थे।
