शोभायात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु, युवा और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए
रामनवमी के मौके पर रविवार को जिला मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसने नगर और ग्रामीण क्षेत्र में भक्ति का सजीव उदाहरण प्रस्तुत किया। यात्रा के दौरान भगवान श्रीराम के जयकारों से हर जगह भक्तिमय वातावरण बन गया, और शहर की सड़कों से लेकर गलियों तक ”जय श्रीराम” के उद्घोष गूंजते रहे। शोभायात्रा में भारी संख्या में श्रद्धालु, युवा और समाज के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए, जो भगवा ध्वज और धार्मिक झंडों के साथ श्रीराम के जयकारे लगा रहे थे।
महुआ बाग श्रीराम नवमी पूजा कमिटी द्वारा आयोजित इस शोभायात्रा की शुरुआत महुआ बाग दुर्गा स्थान से हुई। शोभायात्रा ने बैदराबाद बाजार, बैंदराबाद पुल, और राष्ट्रीय राजमार्ग 139 के रास्ते होते हुए अरवल शहर में प्रवेश किया। यात्रा शहर के प्रमुख स्थलों से होते हुए भगत सिंह चौक और मोठा सूरज मंदिर के पास पहुंची, जहां मोथा सूर्य मंदिर कमेटी के अध्यक्ष चंदन यादव के नेतृत्व में सभी श्रद्धालुओं को सम्मानित किया गया।
शोभायात्रा का रास्ता वासिलपुर, एसडीओ आवास होते हुए जनकपुर धाम और शाही मोहल्ला से होकर महुआ बाग में समाप्त हुआ। यात्रा के दौरान शहरवासियों ने रास्ते में जगह-जगह धार्मिक भजनों और गीतों का आनंद लिया। डीजे पर बज रहे ”जय श्रीराम” के गीतों ने वातावरण को और अधिक भक्तिमय बना दिया, और यात्रा के साथ चल रहे लोग इन भक्ति गीतों के साथ झूमते हुए आगे बढ़ते गए।
सामाजिक और धार्मिक सहभागिता शोभायात्रा में विभिन्न समाज और संगठनों के लोग भी शामिल हुए। विभिन्न संगठनों की ओर से श्रद्धालुओं के लिए शरबत, लस्सी, और ठंडे पेयजल की व्यवस्था की गई थी। श्रीराम नवमी पूजा कमिटी के अध्यक्ष और वार्ड पार्षद सूरज कुमार, सचिव राहुल शर्मा ने बताया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को हर प्रकार की सुविधा दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि शोभायात्रा के दौरान भगवान राम के चित्र पर श्रद्धापूर्वक माल्यार्पण और आरती की गई।
शोभायात्रा में सतर्क रही पुलिस प्रशासन राम नवमी शोभायात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चुस्त-दुरुस्त रही। शोभायात्रा के मार्ग में पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिसमें अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कृति कमल और सदर थानाध्यक्ष अली साबिर के नेतृत्व में पुलिस बल शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सक्रिय रहा। सुरक्षा के लिहाज से इस यात्रा के दौरान कई स्थानों पर पुलिस चौकसी बढ़ाई गई थी।
नेताओं की भी रही भागीदारी शोभायात्रा में स्थानीय नेताओं और क्षेत्रीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।
भाजपा के जिला अध्यक्ष धर्मेंद्र तिवारी, जदयू जिला अध्यक्ष मिथिलेश यादव, हम पार्टी के जिला अध्यक्ष सुनील शर्मा,लोजपा रा पार्टी के जिला अध्यक्ष सत्येंद्र रंजन,भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा प्रत्याशी दीपक शर्मा, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता सच्चिदानंद पीयूष, भाजपा वरिष्ठ नेता ई संजय शर्मा, जेडीयू के प्रदेश सचिव जितेंद्र पटेल और अन्य नेता भी शोभायात्रा में शामिल हुए। इन नेताओं के साथ नगर परिषद के कई वार्ड सदस्य और पूजा कमिटी के सचिव राहुल शर्मा भी यात्रा में शामिल हुए।
