मैट्रिक परीक्षा 2025: बिरौल के शिवम् कुमार झा ने रोशन किया माता-पिता और गुरुजन का नाम, प्राप्त किए 461 अंक।
दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।
मैट्रिक परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित हो चुके हैं और इस बार भी दरभंगा जिले के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया है। टॉपरों की सूची में कई मेधावी छात्र-छात्राओं ने अपनी जगह बनाई है, जिन्होंने अपनी मेहनत और लगन से न केवल खुद का बल्कि अपने शिक्षकों और माता-पिता का भी नाम रोशन किया है।
इसी कड़ी में, बिरौल प्रखंड के सुपौल बाजार स्थित ठकुरबाड़ी के पुजारी बलराम झा और उनकी धर्मपत्नी पिंकू देवी के पुत्र, शिवम् कुमार झा ने मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 461 अंक प्राप्त किए हैं। शिवम् की इस सफलता से उनके पूरे परिवार और गांव में खुशी की लहर है। शिवम्, जो कि स्थानीय प्लस टू ओंकार उच्च विद्यालय सुपौल बाजार के छात्र हैं, ने अपनी पढ़ाई के प्रति हमेशा गंभीर रहे। उनके शिक्षकों का कहना है कि वे एक मेहनती और जिज्ञासु छात्र हैं, जो हमेशा कुछ नया सीखने के लिए तत्पर रहते थे। शिवम् ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और गुरुजन प्रदीप कुमार पाठक के मार्गदर्शन को दिया है। उनके पिता, बलराम झा, जो कि ठाकुरबाड़ी में पूजा-अर्चना करते हैं, ने बताया कि उन्हें अपने बेटे की इस उपलब्धि पर बहुत गर्व है। उन्होंने कहा कि शिवम् ने विपरीत परिस्थितियों में भी अपनी पढ़ाई जारी रखी और आज उसने यह मुकाम हासिल किया है। उनकी माता, इंदू देवी, भी अपने बेटे की सफलता से भावुक हैं और उन्होंने उसकी उज्जवल भविष्य की कामना की है। दरभंगा जिले के अन्य मेधावी छात्रों के साथ-साथ शिवम् की यह उपलब्धि निश्चित रूप से क्षेत्र में शिक्षा के महत्व को और बढ़ाएगी।
