पहली पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए पति ने उसके हाथ पैर बांधने के बाद गला दबाकर उसकी हत्या करने की कोशिश की। लेकिन पत्नी किसी तरह उसके चंगुल से फरार हो जाने में सफल रही। टाउन थाना क्षेत्र के पतलवा में घटित घटना के बाद पीड़िता अस्मती खातून किसी तरह गिरते पड़ते बदहवास पांच किलोमीटर दूर कमलपुर सुरजापुर स्थित मायके पहुंची। तब तक उसकी स्थिति गंभीर हो गई थी। परिजनों ने फौरन उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
पीड़िता के परिजनों ने बताया कि अस्मती की शादी छह वर्ष पूर्व पतलवा निवासी तबरेज के साथ हुई थी। जिससे उसे दो संतान भी है। शादीशुदा होने के बावजूद तबरेज गत वर्ष एक लड़की को भगा ले गया था और उससे शादी कर ली थी। बुधवार को तबरेज ने हत्या करने की नीयत से अस्मती के हाथ पैर बांध दिया और गला दबाकर उसकी हत्या करने की चेष्टा की। पिता को गला दबाता देखकर जब पांच वर्षीय बेटा अनस राही उसे बचाने के लिए पहुंचा तो तबरेज ने उसकी भी गला दबाकर हत्या करने की चेष्टा की।
