महिला का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बाप बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
करनाल की असंध तहसील के गांव बल्ला में एक महिला को उसके पति और बेटे ने मिलकर बेरहमी से पीट दिया। दोनों शराब के नशे में धुत होकर आए और उसके साथ गाली-गलौज करने लगे। जब उसने विरोध किया, तो डंडों और बिंडो से हमला कर उसकी दोनों टांगें तोड़ दीं और हाथ का अंगूठा भी तोड़ दिया।
महिला किसी तरह अपने बड़े बेटे के साथ अस्पताल पहुंची और इलाज करवाया। मेडिकल रिपोर्ट (MLR) कटवाई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपी बाप बेटे के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
रात 9 बजे शराब के नशे में घर लौटे थे आरोपी गुरमती नामक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पति सुदर्शन मान और बेटे रोहित की रोजाना शराब पीने की आदत है। दोनों अक्सर घर पर गाली-गलौज और झगड़ा करते रहते हैं। कल रात करीब 9 बजे भी वे नशे की हालत में घर पहुंचे और आते ही उसे गालियां देने लगे। जब उसने विरोध किया, तो दोनों ने मिलकर लाठी-डंडों और बिंडो से हमला कर दिया। इस हमले में उसकी दोनों टांगे टूट गईं और हाथ का अंगूठा भी टूट गया।
अस्पताल पहुंचकर करवाया इलाज महिला किसी तरह अपने बड़े बेटे मोहित के साथ असंध अस्पताल पहुंची, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल रिपोर्ट (MLR) तैयार की। महिला ने आरोप लगाया कि उसके पति और बेटे ने उसे धमकी दी है कि अगर उसने पुलिस में शिकायत की, तो वे उसे जान से मार देंगे। महिला ने कहा कि उसे अपने पति और बेटे से जान का खतरा बना हुआ है और वह नहीं चाहती कि उसके साथ कोई और अनहोनी हो।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच, मामला दर्ज जांच अधिकारी सत्यवान ने बताया कि महिला की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने महिला की MLR रिपोर्ट और शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 333, 351(2)(3), 3(5), 127(2) BNS 2023 के तहत केस दर्ज कर लिया है। महिला को गंभीर चोटें आई हैं और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।
