इलेक्ट्रॉनिक और आकाशवाणी की टीमों ने रोमांचक सेमीफाइनल मैच जीतकर फाइनल में बनाई जगह, महा-मुकाबला आज
– इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने वेब मीडिया को 6 रनों से और आकाशवाणी ने दैनिक भास्कर को 1 विकेट से पीट कर दर्ज की धमाकेदार जीत

दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /

दरभंगा: डॉ नागेंद्र झा स्टेडियम में चल रहे 18वें प्रमंडलीय मीडिया कप के सातवें दिन यानी शुक्रवार को दोनों सेमीफाइनल मैच खेले गए। दोनों सेमीफाइनल मैच काफी रोमांचक रहा। मैच के अंतिम बॉल तक जीत हार का निर्णय हो पाना मुश्किल लग रहा था। पहले सेमीफाइनल मैच में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और दूसरे सेमीफाइनल मैच में आकाशवाणी ने मैच जीत कर फाइनल में जगह बनाई। 29 मार्च को इलेक्ट्रॉनिक मीडिया और आकाशवाणी के बीच महा मुकाबला डॉ नगेंद्र झा स्टेडियम में दर्शकों को देखने को मिलेगा।
पहले सेमीफाइनल मैच में वेब मीडिया ने टॉस जीत कर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 157 रनों का स्कोर खड़ा किया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की ओर से प्रशांत ने 48, गौरव ने 29 और गुंजन ने 21 रनों का योगदान दिया। वेब मीडिया की ओर से सुमित और राघव ने तीन विकेट, एम राजा और सौरव ने एक-एक विकेट अपने नाम किए। वेब मीडिया 20 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर महज 151 रन ही बना सकी। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया 6 रनों से जीतकर फाइनल में जगह बनाई। वेब मीडिया की ओर से सोमू ने नाबाद 43, गौरव ने नाबाद 23 और सुमित ने 21 रनों का योगदान दिया। इलेक्ट्रॉनिक मीडिया की ओर से गुंजन, प्रशांत, मोहन और गौरव ने एक-एक खिलाड़ी को मैदान से बाहर भेजने का काम किया। वहीं दूसरे सेमीफाइनल मैच में आकाशवाणी ने टॉस जीत कर क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। दैनिक भास्कर ने 16.2 ओवर में 10 विकेट के नुकसान पर मात्र 99 रनों का स्कोर खड़ा किया। अमरजीत ने 33, आशुतोष ने 23 और राजेश ने 21 रनों का योगदान दिया। आकाशवाणी की ओर से अभिषेक ने 5 और विकास ने 3 विकेट अपने नाम किए। आकाशवाणी ने 16.1 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 102 रन बनाकर फाइनल में जगह बनाई। आकाशवाणी की ओर से विकास ने 29, अभिषेक ने 20 और पुष्पेश ने 11 रनों का योगदान दिया। दैनिक भास्कर की ओर से शिवजी और राजेश ने 3 और अमरजीत ने 2 विकेट अपने नाम किए।