ईद की रौनक चरम पर त्योहार को लेकर बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। त्योहार को लेकर दुकानदारों में भी है खासा उत्साह। वे ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकानों को सजाकर नए-नए सामानों का कर रहे प्रदर्शन।

दस्तक7मिडिया, उत्तम सेनगुप्ता, दरभंगा।

बिरौल अनुमंडल क्षेत्र में ईद की रौनक चरम पर है। त्योहार के मद्देनजर बाजारों में खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी है। खासतौर पर, मुस्लिम महिलाओं में ईद की खरीदारी को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। अनुमंडल के सुपौल बाजार, पाली बाजार, किरतपुर और आसपास के अन्य बाजारों में स्थित विभिन्न दुकानों में खरीदारों की अच्छी-खासी भीड़ देखी गई। ईद के नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ गई है। दुकानों में कपड़े, जूते, श्रृंगार सामग्री, मिठाई और सेवई जैसी चीजों की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ रही है। महिलाओं और बच्चों में ईद के लिए नए कपड़े और जूते खरीदने का विशेष उत्साह है।त्योहार के इस मौसम में दुकानदारों में भी खासा उत्साह है। वे ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए अपनी दुकानों को सजाकर नए-नए सामानों का प्रदर्शन कर रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि ईद के कारण उनकी बिक्री में अच्छी वृद्धि हुई है और वे इससे काफी खुश हैं। त्योहार के दौरान बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है। संबंधित थाना पुलिस प्रशासन द्वारा बाजारों में गश्ती दल भ्रमण कर रहे हैं। ताकि किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके। थानाध्यक्ष विशाल कुमार सिंह के नेतृत्व में अपर थानाध्यक्ष सुभाष चन्द्र मंडल,एस आई आरती कुमारी,एस आई केशरी नंदन, एएसआई राजीव राय सहित कई पुलिस अधिकारी भीड़ भाड़ वाले इलाके में भ्रमण करते देखे गए। मालूम हो कि ईद मुसलमान भाईयों का प्रमुख त्योहार है। यह त्योहार रमजान के पवित्र महीने के अंत में मनाया जाता है। ईद के दिन लोग नए कपड़े पहनते हैं, नमाज अदा करने से पहले सभी ईदगाह को सजाने के साथ साथ तोरणद्वार बनाया जाता हैं। नमाज अदा करने के बाद लोग एक-दूसरे को ईद की मुबारकबाद देते हैं। यह त्योहार भाईचारे और सद्भावना का प्रतीक है।