दरभंगा-कुशेश्वरस्थान मुख्य मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा में एक मासूम बच्ची की हुई मौत, दरभंगा केशरी बस के चालक ओवरटेक के चक्कर में बच्ची को मार दी टक्कर।

स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों को बढ़ाने और तेज गति से चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग प्रशासन से की।

दस्तक7मिडिया, बिरौल।

स्थानीय थाना क्षेत्र के दरभंगा-कुशेश्वरस्थान मुख्य मार्ग पर नेउरी टोले दाथ के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार से आ रही दरभंगा केशरी बस के चालक ने ओवरटेक करने की कोशिश में एक मासूम बच्ची को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक बच्ची रंजीत मल्लिक की 5 वर्षीय पुत्री स्वीटी कुमारी थी। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया, गुस्साई भीड़ ने बस को क्षतिग्रस्त करते हुए दरभंगा-कुशेश्वरस्थान मुख्य मार्ग को जाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया। प्रदर्शनकारी मृतक बच्ची के परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे और बस चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे।


सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को शांत करने की कोशिश की। हालांकि, स्थिति तनावपूर्ण बनी रही और प्रदर्शनकारी अपनी मांगों पर अड़े रहे। बाद में, स्थानीय प्रशासन के अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और उन्हें आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया गया।
इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा उपायों को बढ़ाने और तेज गति से चलने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना था कि केशरी बस जो दरभंगा से कुशेश्वरस्थान जा रही थी। बस चालक तेज रफ्तार से ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान बच्ची बस की चपेट में आ गयी।