दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल की कार्यशाला
दस्तक 7मीडिया ,दरभंगा /
जीविका के डीपीसीयू कार्यालय में डीपीएम डॉ.ऋचा गार्गी की अध्यक्षता में दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना (DDU-GKY) के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया।
इस कार्यशाला में सभी विषयगत प्रबंधक,सभी प्रखंडों के बीपीएम और जीविकोपार्जन विशेषज्ञों ने भाग लिये।
कार्यक्रम की शुरुआत डीपीएम डॉ.ऋचा गार्गी ने दीप प्रज्ज्वलित कर की।
उन्होंने संबोधन में कहा कि कौशल विकास के माध्यम से रोजगार प्रदान किया जा रहा है और जीविका इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने ग्रामीण युवाओं को हुनरमंद बनाने और उन्हें रोजगार से जोड़ने की प्रतिबद्धता दोहराई।
कार्यक्रम में रोजगार प्रबंधक राहुल कुमार बिलटू ने जीविका दरभंगा द्वारा रोजगार और प्रशिक्षण के क्षेत्र में किए गए कार्यों और उपलब्धियों को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने आगामी रणनीति पर भी चर्चा की,जिससे युवाओं को अधिक से अधिक अवसर मिल सकें।
आरसेटी (RSETI) की प्रशिक्षिका नीतू कुमारी ने बताया कि जीविका के सहयोग से ग्रामीण महिलाओं को विभिन्न रोजगारपरक प्रशिक्षण दिए जा रहे हैं। इसके अलावा, स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए उन्हें बैंकों से ऋण भी उपलब्ध कराया जा रहा है,जिससे महिलाएं आत्मनिर्भर बन रही हैं।
कार्यशाला में जेआईटीएम स्किल्स प्रशिक्षण केंद्र के राज्य प्रबंधक वैभव दयाल ने कौशल विकास की महत्ता पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि “स्किल डेवलपमेंट सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि हमारे देश और राज्य के आर्थिक एवं सामाजिक विकास का मजबूत आधार है।” उन्होंने DDU-GKY प्रोजेक्ट की सफलता पर चर्चा की और बताया कि इस योजना ने अब तक बेहतरीन परिणाम दिए हैं,जिससे युवाओं के भविष्य को नई दिशा मिली है।
कार्यशाला में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने जीविका के प्रयासों की सराहना की और इस तरह के लिए सभी कार्यक्रमों को ग्रामीण युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
