किशनगंज के पहाड़कट्टा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक कार्रवाई की है। कोल्था पंचायत के कुशियारबाड़ी गांव में फरार आरोपी मोहम्मद जावेद के घर पर पुलिस ने रविवार शाम इश्तेहार चिपकाया है।

छत्तरगाछ पुलिस पिकेट प्रभारी राजू कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ढोल के साथ आरोपी के घर पहुंची। न्यायालय के आदेश का पालन करते हुए इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की गई। मो. पसीर के बेटे मोहम्मद जावेद पर कई मामले दर्ज हैं। पुलिस कर्मियों ने बताया कि वह 15 जून 2024 से फरार चल रहा है। पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी, लेकिन आरोपी हाथ नहीं लगा। न्यायालय के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।

कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की चेतावनी

पुलिस ने ग्रामीणों को चेतावनी दी कि अगर आरोपी जल्द ही पुलिस या न्यायालय के सामने पेश नहीं होता है, तो उसके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। छत्तरगाछ पुलिस कैंप प्रभारी ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी पिछले एक साल से फरार है। अगर वह जल्द आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।