शामली की सदर कोतवाली क्षेत्र के मेरठ-करनाल हाईवे पर एक कार अनियंत्रित होकर हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकरा गई। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोग घायल हो गए।
झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव सांपला निवासी मोहित, जोली, धन सिंह, मान सिंह और मनोज कुमार मेरठ से वापस लौट रहे थे। सदर कोतवाली क्षेत्र के गांव बुटराडी बिजलीघर के बाहर कार का संतुलन बिगड़ गया। कार हाईटेंशन लाइन के खंभे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई।
आसपास के लोगों ने घायलों की चीख-पुकार सुनकर बचाव कार्य शुरू किया। लांक चौकी पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी शामली में भर्ती कराया। कुछ घायलों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। बाकी घायलों का उपचार सरकारी अस्पताल में जारी है।
