कटिहार में रविवार पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक के सुसाइड करने का मामला सामने आया। तीन गढ़िया इलाके के कटिहार-बरौनी रेलखंड पर युवक ने सुसाइड किया है। यह घटना कुर्सेला थाना क्षेत्र की है।

पत्नी से विवाद पर पति ने किया सुसाइड

दक्षिणी मुरादपुर पंचायत के तीन गढ़िया गांव निवासी विकास कुमार मंडल (28) का रविवार को पत्नी से विवाद हो गया। इसके बाद विकास ने घर छोड़ दिया था। जाते समय उसने कहा था कि वह ट्रेन से कटकर जान दे देगा। परिवार वालों ने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया। लेकिन विकास ने रविवार को ट्रेन के आगे कूदकर अपनी जान दे दी।

पैसे को लेकर पत्नी से हुआ था विवाद

युवक के सुसाइड की वजह पैसे को लेकर पत्नी से विवाद होने को ही बताया जा रहा है। पत्नी इस घटना से सदमे में है और कुछ भी नहीं बोल रही है। मृतक विकास एक छोटी बच्ची का पिता था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। पूरे गांव में इस घटना की चर्चा है और परिवार में मातमी सन्नाटा पसरा है।

मृतक के पिता प्रकाश मंडल ने घटना को दुर्घटना बताते हुए कहा कि बेटे के काम पर जाते वक्त यह हादसा हुआ है।

बिना पोस्टमॉर्टम कराए अंतिम संस्कार

परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम कराए ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। स्थानीय लोगों ने रेलवे पुलिस को कहा कि हमें कोई अप्पति नहीं है। इसलिए पोस्टमॉर्टम नहीं कराया जाए। इस वजह से रेलवे पुलिस को लिखित आवेदन देकर परिजन शव घरवाले ले गए।

रेलवे पुलिस कर रही घटना की जांच

यह मामला कटिहार बरौनी रेल खंड का है। इसलिए इस मामले की जांच बरौनी रेल पुलिस देखेगी। वहीं, इस घटना को लेकर स्थानीय कुर्सेला पुलिस का कहना है कि उनके पास कोई जानकारी नहीं है।