उच्च न्यायालय के न्यायाधीश एवं दरभंगा के निरीक्षी न्यायाधीश ने अनुमंडलीय न्यायालय समेत उपकारा का किया निरीक्षण ,न्यायालय के कार्यवाही ,कार्यालय की पंजी समेत अभिलेखों के रख रखाव को लेकर किया जांच।

दस्तक 7मीडिया ,बेनीपुर 

अनुमंडलीय न्यायालय का निरीक्षण उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सह निरीक्षी न्यायाधीश दरभंगा न्यायमंडल न्यायमूर्ति अंजनी कुमार शरण ने किया। न्यायालयों की कार्यवाही, कार्यालयों की पंजियां, अभिलेखों का रख रखाव आदि की जांच की गई। उन्होंने उपकारा का औचक निरीक्षण कर काराधीन बंदियों से उनके रहन सहन, खान पान, स्वास्थ्य सुविधा आदि के बारे में पूछा। उन्होंने पाकशाला, जेल अस्पताल आदि को देखा। माननीय न्यायमूर्ति ने उपकारा की क्षमता, कैदियों की वर्तमान संख्या आदि के बारे में जेलर रत्नेश कुमार राय से पूछा। उन्होंने अधिवक्ता संघ परिसर में नवनिर्मित अधिवक्ता भवन का उद्घाटन किया। जहां अधिवक्ता संघ की ओर से न्यायमूर्ति श्री शरण, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनोद कुमार तिवारी एवं अन्य न्यायिक पदाधिकारियों का मिथिला परंपरा अनुसार पाग-चादर-माला से स्वागत किया । अधिवक्ताओं की ओर से अमरेश झा ने बेनीपुर न्यायालय का क्षेत्राधिकार बढ़ाने के लिए माननीय न्यायमूर्ति को ज्ञापन सौंपा। वहीं अधिवक्ता सुशील कुमार चौधरी ने उत्पाद न्यायालय की मांग की। न्यायमूर्ति श्री शरण ने अधिवक्ताओं को बेनीपुर न्यायालय में एक्साइज कोर्ट जोड़ने का आश्वासन दिया। जिससे अधिवक्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने तालियाँ बजाकर उनका अभिनंदन किया। संघ के अध्यक्ष रामचंद्र यादव ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर एडीजे वन माधवेन्द्र सिंह, एडीजे टू ऋषि गुप्ता, एसीजेएम संगीता रानी, एसडीजेएम अनुराग तिवारी, सिविल जज रोहित कुमार गुप्ता, अधिवक्ता संघ के महासचिव संजीव कुमार झा, प्रभारी नाजीर संतोष कुमार, सहायक कुमार गौरव आदि मौजूद थे।