कटिहार में खेल प्रतिभाओं को नई उड़ान मिलने जा रही है। राजेन्द्र स्टेडियम में 28 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के दौरान 29 जनवरी को मंजूरी मिली।
जिलाधिकारी मनेश कुमार मीणा ने बताया कि यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स खिलाड़ियों के लिए एक बहुआयामी सुविधा केंद्र होगा। इसमें क्रिकेट, फुटबॉल, वॉलीबॉल और एथलेटिक्स जैसे आउटडोर खेलों के साथ-साथ बैडमिंटन, ताइक्वांडो, कबड्डी, बास्केटबॉल, कराटे, कुश्ती, शतरंज और टेबल टेनिस जैसे इंडोर खेलों के लिए उच्चस्तरीय सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना है। एक ही परिसर में सभी आवश्यक खेल सुविधाओं की उपलब्धता से युवा खिलाड़ियों को अपना करियर बनाने में मदद मिलेगी। यह कॉम्प्लेक्स न केवल कटिहार बल्कि पूरे बिहार के लिए एक महत्वपूर्ण खेल केंद्र साबित होगा। निर्माण कार्य जल्द ही शुरू होने की उम्मीद है।
